Pages

Thursday, 12 November 2026

यौन-सुख का विज्ञान : कुछ मिथकों का स्पष्टीकरण

.      यौन-सुख का विज्ञान : कुछ मिथकों का स्पष्टीकरण
                           डॉ राजीव अग्रवाल 

भाग १ - इतिहास, मास्टर्स और जॉनसन का कार्य एवं आगे के कार्य 

यौन-सुख या यौन-विज्ञान मानव के जीवन का एक बहुत महत्वपूर्ण पक्ष है। हम अनेक प्रकार से इनसे चालित होते हैं। प्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक सिग्मंड फ्रायड ने तो हमारे लगभग हर कार्य के मूल में बचपन से ही विद्यमान यौन-इच्छा को कारण बताया था। इस महत्वपूर्ण विषय पर अनेक भ्रान्तियां समाज में व्याप्त हैं। हमें इस विषय में जानना चाहिए। इसके ज्ञान से अनेक यौन विकृतियों और यौन रोगों के उपचार में भी सहायता मिलती है। मैं इस विषय के एक अंग के वैज्ञानिक पक्ष की विवेचना करूंगा। यह इस विषय की एक रोचक विवेचना होगी जिसे जानने के लिए अनेक महान वैज्ञानिकों ने अपना जीवन समर्पित कर दिया था एवं अनेक स्वयंसेवकों ने अपना गहरा सहयोग दिया था। 

मानव-समाज में प्राचीन काल से प्रेम, यौन-भावना और यौन-व्यवहार को लेकर बहुत-कुछ कहा और लिखा जाता रहा है। अनेक आधुनिक वैज्ञानिकों ने भी विभिन्न जन्तुओं, प्राइमेट्स और मानव में इसे समझने का प्रयास किया है। इनमें संयुक्त राज्य अमेरिका के अल्फ्रेड किन्से ने सन् 1948 और 1953 में मानव-यौन-व्यवहार का बड़े पैमाने पर अध्ययन किया था, लेकिन उनका शोध मुख्य रूप से साक्षात्कारों और सर्वेक्षणों पर आधारित था। अमेरिका के स्त्री-स्वास्थ्य विशेषज्ञ (Gynaecologist) विलियम एच. मास्टर्स और अमेरिका की ही मनोवैज्ञानिक वर्जीनिया ई. जॉनसन ने पहली बार लोगों को प्रयोगशाला में लाकर प्रत्यक्ष अवलोकन और वैज्ञानिक यंत्रों और परीक्षणों के माध्यम से यौन-सुख और 'चरम-सुख' (Orgasam) का गहन वैज्ञानिक परीक्षण किया था। मास्टर्स एक पुरुष थे और जॉनसन एक महिला। उन्होंने सन् 1966 के प्रकाशित अपनी पुस्तक - Human Sexual Response - में अपने निष्कर्षों को प्रकाशित किया था। यह एक क्रान्तिकारी अध्ययन था जिसने ज्ञान-विज्ञान और समाज की सोच पर गहरा प्रभाव डाला था। उसके बाद अनेक अन्य आधुनिक तरीकों और यंत्रों - जैसे - खून की एडवान्स्ड जांचों, ECG, EEG और Functional Magnetic Resonance Imaging (fMRI) आदि - के माध्यम से अनेक वैज्ञानिकों ने इन बातों को बहुत गहराई से समझा। 

मास्टर्स और जॉनसन ने मानव-यौन-उत्तेजना को चार प्रमुख चरणों में विभाजित किया था - उत्तेजना, पठार, चरम सुख और समापन। उन्होंने फ्रायड के विचारों के विपरीत यह बताया कि योनि द्वारा और क्लाइटोरल ऑर्गैज्म की शारीरिक प्रतिक्रिया एक ही होती है। उन्होंने ही महिलाओं में एक ही यौन-चक्र में एक से अधिक बार चरम सुख (Multiple Orgasams) प्राप्त कर सकने की सम्भावना और क्षमता के विषय में भी बताया। उन्होंने इन सब बातों के बहुत शारीरिक और मानसिक डिटेल्स में जा कर अध्ययन किया।

अपने प्रयोगों के लिए मास्टर्स और जॉनसन ने स्वयंसेवकों में काम-क्रिया के समय विभिन्न चरणों में शारीरिक क्रियाओं - जैसे, श्वसन, हृदय-गति, रक्तचाप आदि - को नापने के लिए पॉलीग्राफ मॉनीटर्स का उपयोग किया। उन्होंने शरीर के विभिन्न स्थानों में इलेक्ट्रोड्स लगा कर इलेक्ट्रोमायोग्राफी के द्वारा मांसपेशियों के संकुचन और सिनेमैटोग्राफिक उपकरणों से अंगों में होने वाले रक्त-प्रवाह को नापा। मास्टर्स और जॉनसन ने मुख्य रूप से शारीरिक और तंत्रिका तंत्र की प्रतिक्रियाओं को देखा था। उसके बाद 1970 से 2000 के दशक में - और उसके बाद भी - यौन-उत्तेजना के विभिन्न चरणों में रक्त में मुक्त होने वाले विभिन्न हॉरमोन्स, न्यूरोट्रान्समिटर्स और मस्तिष्क की गतिविधियों का गहन अध्ययन किया गया। इनसे इस क्षेत्र के हमारे ज्ञान में बहुत वृद्धि हुई। मैं इस विषय में कुछ बातें यहां दे रहा हूं, शेष बातों के बारे में मैं इसकी अगली कड़ी में लिखूंगा। तब मैं इस विषय की अन्य बातों को भी देखूंगा।

यौन-उत्तेजना के समय सक्रिय होने वाले विभिन्न हॉर्मोन्स और न्यूरोट्रान्समिटर्स तथा उनके कार्य

यौन-उत्तेजना और चरम सुख (Orgasm) के दौरान हमारे शरीर में अनेक हॉर्मोन्स, न्यूरोट्रान्समिटर्स और अन्य रासायनिक पदार्थ सक्रिय होते हैं। ये पदार्थ मस्तिष्क, तंत्रिका तंत्र, हृदय, रक्त वाहिकाओं और प्रजनन अंगों के बीच समन्वय स्थापित करते हैं। इनके कुछ प्रमुख कार्य निम्नलिखित हैं -

• ऑक्सीटोसिन (Oxytocin - जिसे प्रायः 'लव हॉर्मोन' कहा जाता है)

ऑक्सीटोसिन मस्तिष्क के हाइपोथैलेमस में बनता है और मुख्यतः पिट्यूटरी ग्रंथि के पिछले भाग से रक्त में मुक्त होता है। यौन उत्तेजना और चरम सुख के दौरान पुरुषों और महिलाओं दोनों में इसके स्तर में वृद्धि देखी गई है, हालांकि यह वृद्धि सभी अध्ययनों में समान रूप से नहीं पाई गई है।

यह गर्भाशय और प्रजनन तंत्र की कुछ मांसपेशियों के संकुचन में सहायता करता है। पुरुषों में यह शुक्रवाहिनी (Vas Deferens) और अन्य प्रजनन नलिकाओं की गतिशीलता तथा वीर्यस्खलन की प्रक्रिया में भी भूमिका निभाता है।

इसके अतिरिक्त ऑक्सीटोसिन सामाजिक जुड़ाव, भावनात्मक निकटता, मातृत्व और आपसी विश्वास से सम्बन्धित मस्तिष्कीय प्रक्रियाओं में भाग लेता है। इसी कारण इसे लोकप्रिय भाषा में 'लव हॉर्मोन' कहा जाता है। हालांकि, भावनात्मक जुड़ाव केवल इसी हॉर्मोन पर निर्भर नहीं करता है।

• वैसोप्रेसिन (Vasopressin या Antidiuretic Hormone - ADH)

वैसोप्रेसिन भी हाइपोथैलेमस में बनता है और पिट्यूटरी ग्रंथि के पिछले भाग से रक्त में मुक्त होता है। इसका प्रमुख कार्य शरीर में पानी का संतुलन बनाए रखना है। यह गुर्दों (Kidneys) में पानी के पुनः अवशोषण को बढ़ाता है। आवश्यकता पड़ने पर यह रक्त वाहिकाओं को संकुचित करके रक्तचाप को भी प्रभावित करता है।

वैसोप्रेसिन का मस्तिष्क में भी महत्व है। यह सामाजिक पहचान, सामाजिक व्यवहार और कुछ परिस्थितियों में साथी के प्रति जुड़ाव से सम्बन्धित तंत्रिका प्रक्रियाओं में भाग लेता है। कुछ पशु-अध्ययनों में इसके और जोड़ीदार के प्रति व्यवहार के बीच सम्बन्ध पाया गया है।

हालांकि, मानव में यौन उत्तेजना या चरम सुख के समय इसके रक्त-स्तर में कोई निश्चित परिवर्तन होने के पर्याप्त प्रमाण नहीं हैं। इसी प्रकार यह कहना भी वैज्ञानिक रूप से उचित नहीं है कि यह हॉर्मोन अकेले व्यक्ति में अपने साथी के प्रति वफादारी, समर्पण अथवा सुरक्षात्मक भावना पैदा करता है।

• प्रोलैक्टिन (Prolactin)

प्रोलैक्टिन मस्तिष्क के नीचे स्थित पिट्यूटरी ग्रंथि के अगले भाग से निकलने वाला हॉर्मोन है। महिलाओं में इसका प्रमुख कार्य स्तन ग्रंथियों के विकास और दूध के निर्माण में सहायता करना है।

पुरुषों और महिलाओं दोनों में चरम सुख के तुरन्त बाद रक्त में प्रोलैक्टिन का स्तर बढ़ता है। यह वृद्धि यौन संतुष्टि (Sexual Satiety) और उत्तेजना में अस्थायी कमी और शिथिलता से सम्बन्धित मानी जाती है।

पुरुषों में चरम सुख और वीर्यस्खलन के बाद एक विश्राम काल आता है, जिसे रिफ्रैक्ट्री पीरियड (Refractory Period) कहते हैं। इस दौरान व्यक्ति कुछ समय तक दोबारा यौन उत्तेजना अथवा चरम सुख प्राप्त करने में असमर्थ हो सकता है। प्रोलैक्टिन की वृद्धि को पहले इस प्रक्रिया का प्रमुख कारण माना जाता था, लेकिन आधुनिक शोधों से यह स्पष्ट हुआ है कि केवल प्रोलैक्टिन को इसका कारण नहीं माना जा सकता है। इसमें मस्तिष्क के डोपामाइन तंत्र तथा अन्य तंत्रिका और हॉर्मोन सम्बन्धी प्रक्रियाओं की भी भूमिका हो सकती है। इस विश्राम काल का पूरा तंत्र अभी स्पष्ट नहीं है।

यहां पर इस मिथक को स्पष्ट करना भी आवश्यक है कि आम धारणाओं के विपरीत इस शिथिलता का कारण वीर्य स्खलन से नहीं है। इसका कारण मांसपेशियों के संकुचन के बाद उनके आराम की स्थिति में आने, इन हॉर्मोन्स के स्तर में बदलाव एवं शरीर की अन्य फिजियोलॉजी में अंतर आने से होता है। यदि हम किसी प्रकार वीर्य को शरीर के बाहर आने से रोक दें तो भी आर्गैज्म के बाद उतनी ही शिथिलता महसूस होगी।

• एड्रीनलीन और नोरएड्रीनलीन (Adrenaline and Noradrenaline)

ये दोनों कैटेकोलामीन्स (Catecholamines) हैं और शरीर के सिम्पैथेटिक नर्वस सिस्टम (Sympathetic Nervous System) का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। यौन उत्तेजना बढ़ने पर शरीर की यह प्रणाली सक्रिय होती है। आगे फिर ये यौन उत्तेजना को और बढ़ाते हैं।

चरम सुख के समय इनके स्तर में अस्थायी वृद्धि देखी गई है। इनके कारण हृदय की धड़कन तेज होती है, रक्तचाप बढ़ता है और श्वसन की गति में वृद्धि होती है। चरम सुख के बाद इनके स्तर में पुनः गिरावट आती है और शरीर धीरे-धीरे सामान्य अवस्था में लौटता है।

• डोपामाइन (Dopamine)

डोपामाइन मुख्यतः एक न्यूरोट्रान्समिटर (Neurotransmitter) है, न कि पारम्परिक अर्थ में हॉर्मोन। यह मस्तिष्क के Reward System अर्थात् पुरस्कार और प्रेरणा से सम्बन्धित तंत्र का एक महत्वपूर्ण रासायनिक संदेशवाहक है। इस रिवॉर्ड सिस्टम को हम इस श्रृंखला की अगली कड़ी में भी देखेंगे।

यौन इच्छा और उत्तेजना के दौरान मस्तिष्क के कुछ भागों में डोपामाइन की गतिविधि बढ़ती है। यह व्यक्ति में यौन गतिविधि की इच्छा, प्रेरणा और सुखद अनुभव की प्रत्याशा पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

चरम सुख के दौरान और उसके बाद डोपामाइन सम्बन्धी गतिविधियों में परिवर्तन होता है। इसका सम्बन्ध यौन-संतुष्टि और चरम सुख के बाद आने वाली उत्तेजना में कमी से भी है।

• एंडोर्फिन (Endorphins)

एंडोर्फिन हमारे शरीर में बनने वाले प्राकृतिक ओपिओइड पेप्टाइड्स (Natural Opioid Peptides) हैं। ओपिओइड का अर्थ ओपियम - अर्थात् अफीम - से है। ये मुख्य रूप से दर्द की अनुभूति को कम करने और तनाव तथा असुविधा को नियंत्रित करने में सहायता करते हैं।

यौन क्रिया और चरम सुख के दौरान मस्तिष्क के प्राकृतिक ओपिओइड तंत्र की भी भूमिका होती है। ये सुखद अनुभूतियों और शारीरिक आराम से सम्बन्धित प्रक्रियाओं को प्रभावित करते हैं। हालांकि, चरम सुख के बाद मिलने वाली शान्ति और नींद का पूरा श्रेय केवल एंडोर्फिन को देना उचित नहीं होगा। इसमें अनेक अन्य तंत्रिका और हॉर्मोन सम्बन्धी प्रक्रियाएँ भी शामिल होती हैं।

• टेस्टोस्टेरोन (Testosterone)

टेस्टोस्टेरोन पुरुषों का प्रमुख यौन हॉर्मोन है, हालांकि महिलाओं में भी यह कम मात्रा में बनता है। पुरुषों में इसका निर्माण मुख्यतः वृषणों (Testes) में होता है।

यह पुरुषों में यौन-इच्छा (Libido), शुक्राणुओं के निर्माण और प्रजनन क्षमता के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। यह मस्तिष्क और प्रजनन अंगों - दोनों - पर प्रभाव डालता है। महिलाओं में भी यह यौन-इच्छा और कुछ प्रजनन सम्बन्धी प्रक्रियाओं को प्रभावित करता है। उनमें एस्ट्रोजेन भी अपना काम करता है।

टेस्टोस्टेरोन का स्तर सामान्यतः शरीर की दीर्घकालीन हॉर्मोनल स्थिति को दर्शाता है। यौन उत्तेजना के प्रत्येक अवसर पर इसका स्तर अचानक बढ़ना आवश्यक नहीं है।

• नाइट्रिक ऑक्साइड (Nitric Oxide - NO)

नाइट्रिक ऑक्साइड न तो हॉर्मोन है और न ही सामान्य अर्थ में न्यूरोट्रान्समिटर, बल्कि यह एक महत्वपूर्ण गैसीय सिग्नलिंग अणु (Signaling Molecule) है।

पुरुषों में स्तम्भन (Erection) की प्रक्रिया में इसकी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यौन उत्तेजना के दौरान तंत्रिका सिरों और रक्त वाहिकाओं की आन्तरिक परत (Endothelium) से नाइट्रिक ऑक्साइड मुक्त होता है। यह रक्त वाहिकाओं और लिंग के स्पंजी ऊतकों (Corpora Cavernosa) की चिकनी मांसपेशियों को शिथिल करता है। इससे वहां रक्त का प्रवाह बहुत बढ़ जाता है और स्तम्भन होता है।

इस प्रक्रिया में cGMP नामक एक अन्य रासायनिक संदेशवाहक भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्तम्भन दोष (Erectile Dysfunction) के उपचार में उपयोग की जाने वाली Sildenafil जैसी दवाएं इसी नाइट्रिक ऑक्साइड-cGMP तंत्र पर कार्य करती हैं।

इस प्रकार यह स्पष्ट है कि यौन सुख केवल प्रजनन अंगों की गतिविधि नहीं है। इसमें मस्तिष्क, तंत्रिका तंत्र, रक्त संचार, हॉर्मोन्स और अनेक रासायनिक संदेशवाहकों का एक जटिल समन्वय होता है। अगली कड़ी में हम यह भी देखेंगे कि किस प्रकार मस्तिष्क का सोचने का ढंग भी इन बातों को प्रभावित करता है। हम यह भी देखेंगे कि किस प्रकार पार्टनर्स में प्रेम और सुरक्षा की भावना भी इन बातों को शुरू करने और बढ़ाने में सहायक होती है। आधुनिक विज्ञान ने इन सभी प्रक्रियाओं को समझने में महत्वपूर्ण प्रगति की है, हालांकि इनके अनेक पहलुओं पर अभी भी शोध जारी है। 

क्रमशः - fMRI द्वारा मस्तिष्क की बहुत बड़ी भूमिका का अध्ययन, मस्तिष्क का कौन सा भाग क्या काम करता है, शारीरिक और मानसिक उद्दीपन, यौन विकृतियां और अक्षमताएं, तनाव और मानसिक चिंताओं का प्रभाव और उनका विज्ञान, इन अध्ययनों पर धार्मिक, मेडिकल और वैज्ञानिक जगत की प्रतिक्रिया, काम-कला का महत्व और निष्कर्ष।
✍️ डॉ राजीव अग्रवाल 

No comments:

Post a Comment