एक राजा और तीन बुद्धिमान
एक राजा का मंत्री मर गया। उसे अपने पूरे राज्य में एक बुद्धिमान व्यक्ति खोजना था, जिसे मंत्री के पद पर नियुक्त किया जा सके। राज्य बड़ा था और बुद्धिमान भी बहुत थे, इसलिए सबसे बड़े बुद्धिमान की खोज करनी थी।
राजा ने अनेक परीक्षाओं की व्यवस्था की। अंततः उन परीक्षाओं को पार करते हुए तीन व्यक्ति चुने गए। अब उन तीनों के बीच अंतिम निर्णायक परीक्षा होनी थी। जो उसमें सफल होगा, वही राजा का मंत्री बनेगा। यह उस राज्य का सबसे बड़ा सम्मान था।
परीक्षा से एक दिन पहले सारे नगर में अफवाह फैल गई कि कल राजा उन तीनों को एक ऐसे भवन में बंद कर देगा, जिसमें एक ही द्वार होगा। उस द्वार पर एक ऐसा ताला लगाया जाएगा, जिसे उस समय के इंजीनियरों, यंत्रविदों और गणितज्ञों ने बड़े परिश्रम से बनाया है। वह ताला गणित की एक पहेली की भाँति होगा। जो व्यक्ति गणित में निपुण होगा, वही उसे खोलने की तरकीब खोज पाएगा। जो ताला खोलकर बाहर आ जाएगा, वही मंत्री होगा।
तीनों ने भी यह अफवाह सुनी। उनमें से दो तुरंत गए, उन्होंने इंजीनियरिंग और गणित की किताबें खरीदीं, तालों के संबंध में जो कुछ लिखा था, उसे इकट्ठा किया। रात भर वे किताबें पढ़ते रहे और पहेलियाँ सुलझाते रहे।
परंतु तीसरा व्यक्ति रात भर आराम से सोया रहा। उन दोनों ने सोचा, यह पागल है। कल यह क्या करेगा? यदि अफवाह सच निकली तो यह अपने हाथ से मौका खो देगा।
सुबह तीनों राजमहल पहुँचे। दो तो रात भर जागकर गणित से भरे हुए थे। इतना गणित दिमाग में भर गया था कि उनसे कोई पूछता कि दो और दो कितने होते हैं, तो वे घबरा जाते। उनकी आँखें नींद से भरी थीं, पैर ठीक से नहीं पड़ रहे थे।
तीसरा व्यक्ति मौज से गीत गाता हुआ राजमहल पहुँचा। जो रात भर सोया हो, वह सुबह गीत गा ही सकता है।
महल में पहुँचने पर अफवाह सच निकली। राजा ने तीनों को एक भवन में बंद कर दिया और द्वार पर ताला लगा दिया। उस ताले पर गणित के अंक बने हुए थे। यह देखकर वे दोनों प्रसन्न हुए कि अब तीसरे को पता चलेगा कि रात भर शांति से सोने का क्या परिणाम होता है।
वे दोनों तो किताबें भी अपने कपड़ों में छिपाकर ले गए थे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर देख सकें। राजा ने कहलवा दिया कि जो ताला खोलकर बाहर निकल जाएगा, वही मंत्री बनेगा। दोनों ने जल्दी से अपनी किताबें निकालीं और कागज पर हिसाब लगाने लगे।
तीसरा व्यक्ति आँखें बंद करके बैठ गया। उन दोनों ने सोचा कि उसने प्रतियोगिता ही छोड़ दी है। वह न कुछ सोच रहा था, न हिसाब लगा रहा था। वह केवल आँख बंद किए बैठा था।
ठंडी सुबह थी, खिड़कियों से ठंडी हवा आ रही थी, लेकिन उन दोनों के माथे से पसीना छूट रहा था। वे अपने गणित में तल्लीन थे।
तभी वह तीसरा व्यक्ति धीरे से उठा। द्वार के पास गया। उसने हैंडल पर हाथ घुमाया और वह हैरान रह गया - द्वार खुला हुआ था। ताला लगा ही नहीं था।
उसने किवाड़ हटाया और चुपचाप बाहर निकल गया। उन दोनों को पता भी नहीं चला कि कमरे में अब दो ही बचे हैं। उन्हें तब पता चला, जब वह व्यक्ति राजा को लेकर वापस लौटा।
राजा ने कहा, "अपना हिसाब बंद करो, अपनी किताबें बंद करो। जिसको निकलना था, वह बाहर निकल चुका है। तुमने पहली बात ही नहीं सोची कि समस्या है भी या नहीं ? तुमने यह विचार ही नहीं किया कि ताला लगा हुआ है या नहीं, और तुम ताले के संबंध में खोजबीन में लग गए।"
---
इस कथा का सार यही है -
जीवन की पहली समस्या यह है कि हम यह देखें कि समस्या है भी या नहीं। लेकिन समस्या को देखने से पहले ही परंपरा हमारे मन में समाधान बिठा देती है। हम ताला खोलने का विचार करने लगते हैं, शास्त्र पढ़ने लगते हैं कि ताला कैसे खोला जाए। पच्चीस शास्त्र हैं, पच्चीस संप्रदाय हैं, पच्चीस विरोधी मत हैं, और उनके ऊहापोह में हमारा सारा मस्तिष्क जीर्ण हो जाता है।
जीवन की समस्या को सीधे देखने का साहस बहुत थोड़े लोग करते हैं। जो लोग बीच में शास्त्रों, परंपराओं और सिद्धांतों को नहीं लाते, उन्होंने अक्सर पाया है कि जीवन की समस्याएँ वे नहीं हैं, जो शास्त्रों की समस्याएँ हैं। जीवन बहुत सरल है, यदि चित्त शास्त्रों से भारग्रस्त न हो।
संभवतः जीवन पर कोई ताला लगा ही नहीं है, द्वार केवल अटका है और धक्का देने भर से खुल जाएगा।
साभार - सुधीर बंसल
वयं राष्ट्रे जागृयाम
No comments:
Post a Comment