अदीनता: पूर्ण स्वावलंबन और स्वतंत्रता
अदीनता जीवन के लिए बहुत आवश्यक है। मंत्र कह रहा है कि हम अदीन बनकर जीवन जीने के अभ्यासी हों। किसी के सामने हाथ फैलाने वाले न हों। हम स्वावलंबी हों, स्वाभिमानी हों, खुद्दार हों खुदगर्ज नहीं। जिस जीवन में स्वावलंबन और स्वाभिमानता का भाव होता है, वही जीवन वास्तव में अदीन जीवन होता है। यह पशु प्रवृत्ति है कि आप खाने के लिए अपना स्वाभिमान बेच दें। किसी उर्दू के शायर में बहुत अच्छी बात कही है:-
मिले खुश्क रोटी जो आजाद रहकर।
गुलामी के हलवे से है लाख बेहतर।।
मिर्जा गालिब ने बड़ा अच्छा कहा है:-
दिल का जख्म कभी दिखाया नहीं जाता।
गम का किस्सा हर बार सुनाया नहीं जाता।।
ध्यान रहे कि गम का किस्सा यदि बार-बार सुनने को बैठोगे तो स्वाभिमान खो बैठोगे।
इसी संदर्भ में संस्कृत का कवि लिखता है :-
रे रे चातक ! सावधानमनसा मित्र ! क्षणं श्रूयताम्
अम्भोदा बहवो हि सन्ति गगने सर्वेऽपि नैतादृशाः।
केचिद् वृष्टिभिरार्द्रयन्ति वसुधां गर्जन्ति केचिद् वृथा
यं यं पश्यसि तस्य तस्य पुरतो मा ब्रूहि दीनं वचः॥
कभी चातक पर डालकर बड़ी पते की बात कह रहा है कि:- हे मित्र चातक! सावधान मन से एक क्षण के लिए मेरी बात सुनो। आकाश में बहुत से बादल होते हैं, लेकिन सभी बादल एक जैसे नहीं होते। कुछ बादल वर्षा करके धरती को भिगो देते हैं (लाभ पहुँचाते हैं), और कुछ बादल केवल व्यर्थ में गरजते रहते हैं। इसलिए तुम आकाश में जिस-जिस बादल को देखते हो, हर एक के सामने अपने दीन (याचना भरे) वचन मत कहो।'
संसार में मिलने वाला हर व्यक्ति आपकी समस्या का समाधान नहीं कर सकता। हर किसी के पास हर किसी की समस्या का समाधान होता भी नहीं है। इसलिए हर व्यक्ति के सामने अपने दिल का दर्द सुनाने का प्रयास नहीं करना चाहिए। हर कोई व्यक्ति चिकित्सक नहीं होता। इसलिए हर किसी को अपना रोग नहीं बताना चाहिए। रोग का उपचार चिकित्सक ही करेगा । इसलिए योग्य चिकित्सक के पास ही जाना चाहिए और उसको ही अपना दर्द सुनाना चाहिए।
रोना हर किसी के आगे भी अपराध जगत में बतलाया,
खुद्दार वही मानव जग में नहीं तनिक दुख में घबराया।
जिसने खुद्दारी की खातिर नीलाम नहीं सम्मान किया,
सफल रहा बस जीवन उसका जिसने मान कमाया।।
ऋषि के राष्ट्र-दर्शन में जब तक ऐसा नहीं हो जाता है तब तक समझो कि दीनता समाप्त नहीं हुई। हमें स्वाभिमान प्रिय होना चाहिए, अभिमान नहीं। परावलंबन दुख का कारण होता है। छोटी से छोटी चिड़िया भी अपना स्वतंत्र घोंसला बनाकर रहती है अर्थात स्वावलंबी जीवन और स्वतंत्रता उसे भी प्रिय है। उनसे भी छोटी एक चींटी होती है। वह भी अपने पूरे झुंड के साथ अनुशासन में रहते हुए आत्मसम्मान की रक्षा करने में कुशल होती है। जिसका आत्मसम्मान या आत्मस्वाभिमान मर जाता है वह संसार में जीवित लाश के रूप में जीवन यापन करता है।
मत जीवन का अपमान करो
न मन में कभी अभिमान करो
जीवन जगत दो दिन का मेला
इसका भी कुछ ध्यान करो।।
महर्षि का मानना था कि कोई भी व्यक्ति या राष्ट्र तब तक उन्नति नहीं कर सकता जब तक वह दूसरों पर आश्रित है अर्थात जब तक राजनीतिक सत्ता अपने किसी व्यक्ति के हाथ में नहीं आ जाएगी, तब तक राष्ट्र की रक्षा सुरक्षा संभव नहीं है राष्ट्र की रक्षा तभी संभव है जब राष्ट्र के लोग स्वाभिमानी हों। उन्हें अपने राष्ट्र की स्वाधीनता प्राणों से भी प्रिय हो। राष्ट्र की स्वाधीनता का अभिप्राय है प्रत्येक नागरिक के लिए ऐसी परिस्थितियों का निर्माण करना जिनमें रहते हुए उन सबको अपनी निजता सुरक्षित दिखाई दे और उस निजता में रहते हुए वे अपना आत्मिक, शारीरिक, मानसिक , बौद्धिक और जागतिक कल्याण कर सकें। इसलिए प्रत्येक राष्ट्रवासी के लिए अदीन होकर जीवन जीना बहुत आवश्यक है।
यदि कोई राष्ट्र आर्थिक राजनीतिक रूप से किसी दूसरे देश का गुलाम है तो उसके लिए ऐसी स्थिति लज्जाजनक है। वेद इस प्रकार की स्थिति को राष्ट्रवासियों के लिए एक चुनौती के रूप में प्रस्तुत करता है और लोगों से अपेक्षा करता है कि वह निजी स्वतंत्रता से लेकर राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले हों। क्योंकि दासता की स्थिति राष्ट्रवासियों को दीनता की स्थिति में धकेल देती है। स्वामी जी ने इस मंत्र के माध्यम से देशवासियों में स्वदेशी, स्वावलंबन और 'स्वराज' की भावना का बीजारोपण किया। लोगों को स्वदेशी, स्वावलंबन और स्वराज की पवित्र भावना से जोड़कर इनके महत्व को स्पष्ट किया। उनके अनुसार, सच्ची अदीनता वही है जहाँ मनुष्य पुरुषार्थ के बल पर अपनी आजीविका कमाए और सम्मानपूर्वक जिए।
आशावाद और असीमित पुरुषार्थ
वेद का एक भी मंत्र या उसकी एक भी सूक्ति अथवा एक भी शब्द ऐसा नहीं है जो मनुष्य को निराशावाद की ओर लेकर चले । वेद मानव मात्र के भीतर आशावाद का संचार करता है और सकारात्मक ऊर्जा से भरा हुआ है। इस मंत्र में 'भूयश्च शरदः शतात्' मानव को निराशा से दूर कर परम आशावाद की ओर ले जाता है। वेद की यह अनूठी विशेषता है कि वह कॉमेडी अथवा ट्रेजेडी पर अपने किसी भी विषय को समाप्त नहीं करता। कॉमेडी और ट्रेजेडी में हमको पश्चिम का चिंतन उलझाता है। कॉमेडी हास्य विनोद है, जिसमें अश्लीलता भी हो सकती है और ट्रेजेडी तो है ही त्रासदी अथवा दुख का कारण। इन दोनों के अलग वेद हमें सकारात्मकता की ऊंचाई पर ले जाकर प्रसन्नता की अनुभूति करता है। सकारात्मकता का अभिप्राय है कि उस ऊंचाई पर जाकर आपको अपना मार्ग अपने आप दीखने लगता है और मार्ग भी ऐसा जिस पर चलने से आपको आत्मिक आनंद की अनुभूति होती है। किसी प्रकार का संशय नहीं रहता। किसी प्रकार का संदेह नहीं रहता। किसी प्रकार की शंका नहीं रहती।
गीता में कहा गया है कि :-
भिद्यते हृदयग्रन्थिश्छिद्यन्ते सर्वसंशयाः।
क्षीयन्ते चास्य कर्माणि तस्मिन् दृष्टे परावरे॥
अर्थ: " जब उस परात्पर परब्रह्म (जो कारण और कार्य दोनों रूप में आद्य है) का साक्षात्कार हो जाता है, तब:
हृदय की अज्ञान रूपी ग्रंथि [भेदित] (छिन्न-भिन्न) हो जाती है।मनुष्य के मन के सारे संशय [मिट] जाते हैं।उसके समस्त [कर्मों] का क्षय (नाश) हो जाता है।"
इसी स्थिति को प्राप्त करना मानव जीवन का ध्येय है। वेद मानव को उसके ध्येय के प्रति समर्पित करता है और न केवल समर्पित करता है बल्कि उसमें अपना पूर्ण सहयोग, समर्थन और मार्गदर्शन भी देता है। वेद बिल्कुल वैसे ही हमारा ध्यान रखना है जैसे माता अपने बच्चों का रखती है। इसीलिए वेद को वेदमाता कहा गया है। जिन लोगों ने जगत को मिथ्या मानकर कर्महीनता को अपना दुर्भाग्य बना लिया था स्वामी जी ने उनकी उस अकर्मण्यता को लताड़ा। जिन लोगों ने संसार में आकर बाल बच्चों को पालना, उनके ब्याह शादी कर देने तक जीवन की परिभाषा को समेट दिया था और इतने में ही संतुष्ट रहकर अपने चलने की तैयारी करने लगते थे, उनकी इस प्रकार की सोच को स्वामीजी ने मानवता के विरुद्ध बताया। उन्होंने लोगों को लंबी आयु जीने के लिए इस मंत्र के माध्यम से प्रेरित किया और समझाया कि लंबी आयु को वरदान में बदल दो। इसलिए समाज और राष्ट्र के साथ-साथ आत्म कल्याण के लिए भी समय निकालो।
'स्व ' के स्थान पर ' पर ' को वरीयता दो
" जब हमारी प्रार्थना निष्कपट, सरल और पवित्र होती है तो हमारी प्रार्थना में ‘स्व’ के स्थान पर ‘पर’ कल्याण की कामनाएं बलवती हो उठती हैं। जब व्यक्ति ऐसी कामनाओं और प्रार्थनाओं के वशीभूत होकर कार्य करने लगता है तब वह ‘राष्ट्रीय’ हो जाता है। राष्ट्रीय होने का अभिप्राय किसी प्रकार से राष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय हो जाना नही है, अपितु राष्ट्रीय होने का अर्थ है सर्वमंगल कामनाओं से भर जाना और सर्वोत्थान के लिए कार्य करना। अपनी सोच में या अपनी भावना में या अपनी कृति में किसी जाति को, किसी संप्रदाय को या किसी क्षेत्र विशेष को प्राथमिकता न देना ही राष्ट्रीय हो जाना है। यदि राष्ट्रीय स्तर पर किसी की प्रसिद्घि हो जाना ही राष्ट्रीय होने का प्रमाण होती तो ऐसे बहुत से डकैत, अपराधी या आतंकी हो गये हैं या वर्तमान में हैं जिन्हें देश ही नही विश्व भी जानता है, पर उन्हें कोई राष्ट्रीय नही कहता। यहां तक कि उन्हें कोई सामाजिक भी नही कहता। इसके विपरीत उन्हें या तो राष्ट्रद्रोही कहा जाता है या समाजद्रोही कहा जाता है। कारण कि उनकी भावना पवित्र नही है, उनकी भावना में नीचता है, निम्नता है, वह यज्ञरूप प्रभो के उपासक नही हैं। वह यज्ञरूप प्रभो के याज्ञिक स्वरूप को नही ध्याते, न ही भजते और न ही जपते।
हमारे यहां अश्वमेध यज्ञ की परंपरा इसीलिए रही है कि व्यक्ति जब राष्ट्र, जाति और देश के लिए अपने आप से राष्ट्र को महान समझकर राष्ट्रहित में सर्वस्व समर्पण की भावना से भर जाए, ओत-प्रोत हो जाए तब वह अश्वमेध यज्ञ करने का पात्र बनता है। इसी लिए कहा गया है-‘‘राष्ट्रं वै अश्वमेध:’’ इस प्रकार राष्ट्रीय होने का अभिप्राय है याज्ञिक होना और याज्ञिक होने का अर्थ है-यज्ञरूप प्रभु का उपासक होना। जैसे उस परमपिता-परमेश्वर के सारे भण्डार इस विशाल जगत के लिए हैं, इसके प्राणधारियों के लिए हैं, वैसे ही राष्ट्रीय व्यक्ति के पास या किसी यज्ञ पुरूष के पास जो कुछ भी होता है वह राष्ट्र के लिए होता है। भारत में कितने ही सम्राट हो गये हैं, जिन्होंने अश्वमेध यज्ञ किये और अपना सर्वस्व राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया।
इस प्रकार हमारे पूर्वजों ने यज्ञ को राष्ट्रीय बनाकर जीवन जिया। यज्ञ के अनुरूप अपनी भावनाएं बनायीं और अपने पास अपना कुछ न समझकर जो कुछ भी था उसे लोककल्याण के लिए समर्पित कर दिया। इसका कारण यही था कि हम यज्ञमय थे और अपना सर्वस्व प्राणिमात्र के लिए होम करने वाले प्रभो के उपासक थे। जैसा हमारा प्रभु था, या दाता था वैसी ही हमारी भावनाएं थीं। यह था हमारे यज्ञ का आधार और यह थी हमारी प्रार्थना की ऊंचाई।
उपरोक्त मंत्र में भक्त कह रहा है कि हे स्वप्रकाश स्वरूप प्रकाशमान सर्वेश्वर! आप सब के दृष्टा सब को देखने वाले और जानने वाले देवों के परमहित कारक तथा पथ प्रदर्शक हैं। सृष्टि से पूर्व वर्तमान तथा प्रलय के अनंतर भी वर्तमान रहने वाले विज्ञान स्वरूप आप अनादि रूप से सब कालों में विद्यमान हैं। प्राणिमात्र को ऊपर उठाने वाली तथा उनकी उन्नति में सहायक शक्तियों को बीज रूप में आपने स्वकृपा से, सबको प्रदान कर रखा है।
हे प्रभु ऐसी कृपा करो, कि आपके सहाय व स्व पुरूषार्थ से हम इन शक्तियों का जीवन पर्यन्त सदुपयोग करते रहें। आपकी ही कृपा से हम आपके आनंदमय स्वरूप का ध्यान शतायु पर्यंत करते रहें। हमारी देखने, परखने, अनुभव करने तथा ज्ञान वर्धन करने वाली समस्त शक्तियां निरंतर विकसित होती रहें, अपने जीवन को हम सौ वर्षों तक जीवंत अर्थात कार्यकुशल बनाये रखें। कानों से और वाणी से आप ही का वेद ज्ञान हम सौ वर्ष पर्यंत सुनें तथा सुनाते रहें। आपकी ही सामीप्यता हर समय अनुभव करते हुए सौ वर्ष तक अदीनतापूर्वक जीवनयापन हम करते रहें। कभी भी किसी के पराधीन न हों। आपकी कृपा से यदि सौ वर्ष से भी अधिक आयु हमको प्राप्त हो तो भी हम आपकी छत्र छाया में ही स्वाधीनता पूर्वक विचरें। आपके दर्शन में मग्न हमारी आत्मा सदा (शांत) रहे यही हमारी आपसे बारंबार प्रार्थना है।
डॉ राकेश कुमार आर्य
( लेखक सुप्रसिद्ध इतिहासकार और भारत को समझो अभियान समिति के राष्ट्रीय प्रणेता हैं)
No comments:
Post a Comment