Pages

Thursday, 1 October 2026

पितर श्राद्ध पर आर्य समाजी और सनातन मत

आर्यसमाजी: “श्रत्सत्यं दधाति यया क्रियया सा श्रद्धा, श्रद्धया यत्क्रियते तच्छ्राद्धम्।” “जिस क्रिया से सत्य का ग्रहण किया जाए, उसको श्रद्धा और जो श्रद्धा से कर्म किया जाए, उसका नाम श्राद्ध है। श्रद्धापूर्वक मन में प्रतिष्ठा रखकर विद्वान, अतिथि, माता-पिता, आचार्य आदि जीवित पुरुषों की सेवा करने का नाम ही श्राद्ध है। एवं पितर शब्द ‘पा रक्षणे’ धातु से बनता है, अतः पितर का अर्थ पालक, पोषक, रक्षक तथा पिता होता है। अतः श्राद्ध जीवितों के लिए है, मृतकों के लिए नहीं।”

शचीन्द्र:-  संस्कृत का सर्वमान्य सिद्धान्त है कि किसी शब्द का अर्थ केवल उसके व्युत्पत्तिगत विग्रह से निर्धारित नहीं किया जाता। व्युत्पत्ति अर्थबोध का एक साधन अवश्य है, किन्तु रूढ़ि, प्रयोग और प्रकरण के विरुद्ध केवल व्युत्पत्ति के आधार पर अर्थ-निर्णय नहीं किया जा सकता। यही श्री यास्क का मत है, यही महाभाष्य में श्री पतंजलि का एवं यही मीमांसा का मत है।

सिद्धान्त है कि “योगरूढानां रूढिरेव बलीयसी।” अर्थात् जिस शब्द का किसी विशेष अर्थ में रूढ़ अर्थात् स्थिर प्रयोग हो गया हो, तो वहाँ व्युत्पत्तिजन्य अर्थ की अपेक्षा रूढ़ अर्थ ही बलवान और ग्राह्य होता है।

जैसे पंकज शब्द का व्युत्पत्तिगत अर्थ है: “पङ्के जायते” अर्थात् कीचड़ में उत्पन्न होने वाला। तब इस व्युत्पत्ति के अनुसार तो कीचड़ में उत्पन्न होने वाले सब पदार्थ पंकज कहलाने चाहिए। किन्तु ऐसा नहीं होता है। l लोक और शास्त्रों में पंकज शब्द से कमल का ही बोध व ग्रहण होता है, क्योंकि वह शब्द विशेष अर्थ में रूढ़ हो चुका है।

जैसे “गौः” शब्द का विग्रह होगा: “गच्छति इति गौः” (जो जाता है/चलता है, वह गाय) है। इस अर्थ से संसार के सब प्राणी गाय कहे जाएँगे। तब क्या दयानन्द-पंथी इस विग्रह से कुतिया को भी गौ मानकर उसका दूध पीएँगे?

किन्तु यहाँ विग्रह का ही अर्थ नहीं लिया जा सकता, अन्य शास्त्रीय संकेतों से समझकर ही, गौ का अर्थ गाय, लोकाचार-शास्त्राचार की परिभाषा से निकाला जाता है।

किन्तु आर्यसमाजी यही मूर्खता करते हैं। अगर इन्हें गौ शब्द से ‘गाय’ का निषेध करना हो, तो “गच्छति इति गौः” (जो जाता है, वह गाय) बस इसी विग्रह को दिखा-दिखाकर कहते कि गौ का अर्थ चार पैरों वाली, दूध देने वाली गाय नहीं, बल्कि चलने वाले सभी प्राणियों को ही गाय कहा है।

ऐसा ही ये श्राद्ध शब्द के साथ कर रहे हैं, जबकि प्रकृत में श्राद्ध शब्द केवल यौगिक शब्द नहीं है। श्राद्ध की व्युत्पत्ति ‘श्रद्धा’ से अवश्य है, किन्तु इससे यह स्थापित नहीं होता कि श्रद्धा से किया गया प्रत्येक कार्य श्राद्ध कहलाएगा किन्तु वास्तविक श्राद्ध का अस्तित्व नहीं हैं। अन्यथा फिर आर्यसमाजियों को उपासना, यज्ञ, जप, दान, व्रत, गुरु-सेवा, माता-पिता की सेवा, अतिथि का सत्कार, इन सबको ही श्राद्ध कहना पड़ेगा। किन्तु ऐसा तो किसी शास्त्र, लोक या व्यवहार में नहीं देखा जाता है। क्या आर्यसमाजियों के यहाँ कभी कोई अतिथि आए तो वे उसे कहा करते हैं कि -  “आइए हुजूर, बैठिए, आपका श्राद्ध करता हूँ?” या कि यज्ञ को श्राद्ध कहते हैं? या कि अपने माता-पिता की सेवा करके कहते हैं कि इनका श्राद्ध कर दिया? नहीं न, तब इनके व्यवहार से भी इनका पक्ष खंडित हो जाता है।

अतः योगरूढ़ ‘श्राद्ध’ शब्द का शास्त्रसम्मत अर्थ होगा -  “मृतक पुरुषों के निमित्त यथाविधि जो भी तर्पणादि कर्म श्रद्धा से किए जाते हैं, वह श्राद्ध है।” इसके अतिरिक्त अन्य किसी भी कर्म को श्राद्ध नहीं कहा जाता हैं। धर्मशास्त्रों में जहाँ भी ऐसे प्रकरणों में श्राद्ध शब्द आया है, वहाँ उसका अर्थ मृत पूर्वजों के निमित्त कर्तव्य कर्म ही हैं। अतः शास्त्र भी इस विषय में प्रमाण है, और लोकव्यवहार भी।

इसी प्रकार ‘पितर’ शब्द के साथ भी इनका यही व्यवहार रहता है। पितर का अर्थ पालक, पोषक, रक्षक मात्र ही मान लेते हैं, किन्तु ‘पा रक्षणे’ से ही पति शब्द सिद्ध होता है। तब जिन वेदमंत्रों से आर्यसमाजी स्त्री अपने पति से कहती है: “हे पति, मुझमें गर्भ का आधान करो”, तब वहाँ पर पति शब्द का अर्थ वैवाहिक पति क्यों मानते हो? तब भी ‘पा रक्षणे’ धातु से रक्षा करने वाले मात्र को ही ‘पति’ मानकर उस महिला से कह दिया जाए कि यहाँ पति का अर्थ वही है जो रक्षा करता है, और उसका पति विदेश गया हो तो रक्षा घर का अन्य कोई पुरुष करता होगा, तो वह उसका पति हो गया। वह भी न हो तो जो नेपाली रात को ‘जागते रहो’ कहते हुए चौखट बजाकर जाता हो, वो पति हुआ। इस तरह पग-पग पर रक्षा करने वाले उसके सभी पति उसमें गर्भ का आधान करने योग्य हो गए। सोचिए, ये कितनी मूर्खता की बात होगी। ऐसी मूर्खता ही आर्यसमाजी नित्य किया करते हैं।

याज्ञवल्क्य स्मृति में उल्लिखित है - 

“श्राद्धं नामादनीयस्य तत्स्थानीयस्य वा। द्रव्यस्य प्रेतोद्देशेन श्रद्धया त्यागः।।”

अर्थात् पितरों को उद्देश्य करके उनके निमित्त श्रद्धापूर्वक किए गए द्रव्य का त्याग, ‘श्राद्ध’ है।

“श्राद्धं वा पितृयज्ञः स्यात्” (कात्यायन स्मृति १३/४)

“श्राद्धं तत्कर्म शास्त्रतः” (अमरकोश २/७/२१)

‘पाणिनि’ ने ‘श्राद्धिन्’ और ‘श्राद्धिक’ को “वह जिसने श्राद्ध-भोजन कर लिया हो” के अर्थ में निश्चित किया है। 

महाभारत आदिपर्व में भी अग्नि की उक्ति है - 

वेदोक्तेन विधानेन मयि यद्धूयते हविः।
देवताः पितरश्चैव तेन तृप्ता भवन्ति वै।।
देवताः पितरश्चैव भुञ्जते मयि यद्भुतम्।
देवतानां पितॄणां च मुखमेतदहं स्मृतम्।।
मन्मुखेनैव हूयन्ते भुञ्जते च हुतं हविः।।
(महाभारत आदिपर्व ७/७-१०-११)

निम्नलिखित वेदमंत्र को भी देखें, एवं अर्थ हमने नहीं किया, आर्यसमाज के मान्य विद्वान दामोदरदास सातवलेकर द्वारा किए भाष्य से लिया गया है:

उदी॑रता॒मव॑र॒ उत्परा॑स॒ उन्म॑ध्य॒माः पि॒तर॑: सो॒म्यास॑:।
असुं॒ य ई॒युर॑वृ॒का ऋ॑त॒ज्ञास्ते नो॑ऽवन्तु पि॒तरो॒ हवे॑षु॥
(ऋग्वेद १५।१०।१)

(अवरे उत् उदीरताम्) जो पितर पृथ्वी पर हैं, वे उन्नत स्थान को प्राप्त करें। (परासः पितरः उत्) जो पितर स्वर्ग में उच्च स्थान पर हैं, वे वहीं रहें। (मध्यमा सोम्यासः) जो मध्यम स्थान का आश्रय करके रहे हैं, वे उच्च स्थान को प्राप्त करें। जो सोमरस पीते हैं, सत्यस्वरूप, केवल प्राणरूप और शत्रुरहित पितर हैं, वे पितर यज्ञकाल में हमारी रक्षा करें।

उक्त मंत्र में भिन्न लोकों में निवास करने वाले पितरों का ही वर्णन है। आर्यसमाजी विचार करें कि उनके जीवित माता और पिताओं में से कुछ स्वर्ग और कुछ पृथ्वी पर रहते और बाकी मध्यम, अन्तरिक्ष में उड़ते हैं?

ये निखा॑ता॒ येऽपरो॑प्ता॒ ये द॒ग्धा ये चोद्धि॑ताः।
सर्वां॒स्तान॑ग्न॒ आ व॑ह पि॒तॄन्ह॒विषे॒ऽअत्त॑वे॥
(अथर्ववेद १८।२।३४)

अर्थात्, “जो पितर भूमि में गाड़े गए हैं, जो पानी में बहा दिए गए हैं, जो अग्नि में जला दिए गए हैं, हे अग्ने, उन सबको आप हवि भक्षणार्थ बुलाईए।”

ये अ॑ग्निद॒ग्धा ये अन॑ग्निदग्धा॒ मध्ये॑ दि॒वः स्व॒धया॑ मा॒दय॑न्ते।
त्वं तान्वे॑त्थ॒ यदि॒ तेजा॑तवेदः स्व॒धया॑ य॒ज्ञं स्वधि॑तिं जुषन्ताम्॥
(अथर्ववेद १८।२।३५)

अर्थात्, जो पितर अग्नि द्वारा संस्कृत हुए, जो गाड़ने आदि के द्वारा संस्कृत हुए, और जो पिंड, पितृयाग आदि से तृप्त हुए, आकाश में निवास करते हैं। हे अग्नि, तुम उन्हें भली-भाँति जानते हो, वे अपनी संतानों के द्वारा किए जाने वाले पितृयाग आदि का सेवन करें।

अथर्ववेद १८।४।७८, ७९, ८० में वर्णित है:

स्व॒धापि॒तृभ्यः॑ पृथिवि॒षद्भ्यः॑॥
पृथ्वी पर स्थित पितरों हेतु यह स्वधा हो।

स्व॑धापि॒तृभ्यो॑ अन्तरिक्ष॒सद्भ्यः॑॥
अन्तरिक्ष में स्थित पितरों हेतु यह स्वधा हो।

स्वधापितृभ्यो दिविषद्भ्यः॥
द्युलोक में स्थित पितरों हेतु यह स्वधा हो।

दे॒वाः पि॒तरो॑ मनु॒ष्या गन्धर्वाप्स॒रस॑श्च॒ ये।
उच्छि॑ष्टाज्जज्ञिरे॒ सर्वे॑ दि॒वि दे॒वा दि॑वि॒श्रितः॑॥
(अथर्ववेद ११।७।२७)

उपरोक्त मंत्रों में एवं इस मंत्र में स्पष्ट ही पितरों को मनुष्यों से भिन्न बताया गया है। अतः स्वतः ही मनुष्य से भिन्न पितरों की सिद्धि हो जाती है, एवं पितरों को केवल मनुष्य बताने का आर्यसमाजी सिद्धान्त खंडित हो जाता है। इस मंत्र का अर्थ पाँच आर्यसमाजी भाष्यकारों ने किया है, और पाँचों ने ही एक-दूसरे से भिन्न अर्थ किया है। किन्तु देवता, पितर और मनुष्य, स्पष्ट ही जो ये तीन योनियाँ भेद-सहित इस मंत्र में बताई हैं, इन तीनों शब्दों का ही अर्थ ‘मनुष्य’ कर दिया है। अपने पंथ के मत की रक्षा हेतु निकृष्ट से निकृष्ट स्तर पर जाने के इनके इस छल को सामान्य व्यक्ति भी सहज ही समझ सकता है।

✍️ शचिन्द्र शर्मा 
( फेसबुक पोस्ट दिनांक 1/10/2026 ई 
गुरुवार अश्विन कृ५ विक्रम संवत २०८३ )

No comments:

Post a Comment