🦚कहानी🦚
एक पिता की जेब
घर के आँगन में दोपहर की धूप फैली थी। रसोई में माँ बर्तन माँज रही थी, तभी बेटा स्कूल बैग टाँगे आकर बोला,
“मम्मी, 50 रुपये चाहिए… कॉपी लेनी है।”
माँ ने बिना पीछे मुड़े मुस्कुराते हुए कहा, “जा बेटा, पापा की जेब से निकाल ले।”
यह सुनकर पास ही खड़ी पड़ोसन ठिठक गई। उसके चेहरे पर हैरानी साफ थी। उसने धीरे से पूछा,
“बहन, तुम्हारे पति को तो गुजरे पाँच साल हो गए… फिर बच्चों का पापा किसे बनाया है?”
माँ कुछ पल चुप रही। उसकी उँगलियाँ बर्तनों पर थम गईं। फिर वह बेटे का हाथ पकड़कर कमरे में ले गई। दीवार पर टँगी एक पुरानी खूँटी से एक कमीज उतारी—वही शर्ट जिसे उसके पति प्रतिदिन कार्यालय जाते समय पहनते था। कमीज की जेब में उसने हाथ डाला और कुछ सिक्कों के साथ एक मुड़ा हुआ नोट निकालकर बेटे को थमा दिया।
पड़ोसन अवाक् देखती रह गई।
माँ ने शांत स्वर में कहा, “मैं हर महीने थोड़े-थोड़े पैसे इस कमीज की जेब में रख देती हूँ। ताकि मेरे बच्चे कभी यह न भूलें कि उनके पापा अब भी उनके साथ हैं।”
उसकी आँखें नम थीं, पर आवाज में मजबूती थी।
“पापा इस दुनिया में नहीं हैं, तो क्या हुआ? वे हमारी स्मृतियों में, हमारे परिश्रम में, हमारी शक्ति में आज भी जीवित हैं। जब बच्चे कहते हैं—‘पापा की जेब से पैसे ले आए’—तो मुझे लगता है, वे आज भी घर चला रहे हैं।”
बेटा पैसे लेकर बाहर गया, जैसे कुछ खास हुआ ही न हो। माँ ने कमीज को फिर से खूँटी पर टाँग दिया। वह कमीज केवल मात्र वस्त्र नहीं थी—वह भरोसा थी, सहारा थी, एक अदृश्य हाथ जो कठिन समय में थाम लेता है।
पड़ोसन की आँखें भर आईं। उसे समझ आ गया कि पिता केवल शरीर से होते हैं, स्मृतियों से नहीं मरते। जिन घरों में प्रेम और सम्मान होता है, वहाँ खाली जेबें भी भरी रहती हैं।
उस शाम माँ ने दीये के सामने हाथ जोड़कर कहा,
“तुम जहाँ भी हो, बच्चों को हिम्मत देना। वे जब भी पापा की जेब में हाथ डालें, उन्हें भरोसा मिले कि उनके पापा कभी खाली नहीं जाते।”
और सच ही तो है—जो पिता अपने बच्चों के हृदयों में बस जाते हैं, उनकी जेबें कभी खाली नहीं होतीं।
✍️ एक कहानी सुंदर सी
वयं राष्ट्रे जागृयाम
No comments:
Post a Comment