विदेशी 'चोर' और हमारी सोई हुई विरासत: पायथागोरस से सदियों पहले नारद पुराण का गणित!
हमारे दिमागों में यह बात इतनी गहराई से ठूंस-ठूंस कर भर दी गई है कि हमारे धर्मग्रंथ केवल धूप-दीप जलाने, घंटी बजाने और कर्मकांड करने के लिए हैं। यह सनातन इतिहास का सबसे बड़ा और सुनियोजित झूठ है! हमारे पुराण केवल परलोक की काल्पनिक बातें नहीं करते, वे इस भूलोक के सर्वोच्च विज्ञान, खगोल और गणित के जीते-जागते प्रामाणिक दस्तावेज हैं।
विडंबना देखिए, आज सनातन का बच्चा-बच्चा पश्चिमी वैज्ञानिकों के नाम रटकर डिग्री ले रहा है, लेकिन उसे यह नहीं पता कि जिन सिद्धांतों को आज हम 'पश्चिम की महान खोज' कहकर चाव से पढ़ रहे हैं, वह और कुछ नहीं बल्कि 'विदेशी चोरों द्वारा की गई हमारे ज्ञान की खुली डकैती' है!
हाँ, मैं इन्हें 'चोर' ही कहूँगी। इन विदेशी विचारकों ने हमारे पावन ग्रंथों से ज्ञान चुराया, उस पर अपने नाम का ठप्पा लगाया, पेटेंट कराया और दुनिया के सामने 'महान खोजकर्ता' बन बैठे। जो चोर हैं, उन्हें इतिहास में चोर ही कहा जाएगा! दुख इस बात का नहीं कि उन्होंने चोरी की, दुख इस बात का है कि हम अपनी ही तिजोरी की चाबी विदेशियों के हाथ में सौंपकर, अपनी अनमोल धरोहर को भूलकर, मानसिक रूप से गुलाम बन बैठे हैं। अब समय आ गया है कि हम अपनी धरोहर के प्रति केवल अंधी आस्था न रखें, बल्कि वैज्ञानिक चेतना के साथ अपनी साख वापस मांगें।
धारावाहिकों और लोककथाओं ने नारद मुनि की एक ऐसी छवि बना दी है जैसे वे केवल 'नारायण-नारायण' करके इधर की बात उधर करने वाले एक संदेशवाहक थे। लेकिन जब आप नारद पुराण के 'वेदांग खंड' को खोलेंगे, तो आपकी आँखें फटी की फटी रह जाएंगी। नारद पुराण वास्तव में ज्ञान का वो अगाध महासागर है जहाँ रेखागणित (Geometry), अंकगणित और खगोल विज्ञान के ऐसे अचूक सूत्र हैं जिन्हें देखकर आधुनिक कंप्यूटर भी पानी मांगने लगें।
इस महापुराण में जटिल आकृतियों का सटीक क्षेत्रफल निकालना, वर्ग को वृत्त में बदलना, 'परार्ध' (1 के बाद 17 शून्य) जैसी अंतरिक्ष को नापने वाली खगोलीय संख्याएं और समय की सबसे सूक्ष्म इकाई 'त्रुटि' (सेकंड का हजारवां हिस्सा) से लेकर अरबों साल के 'महायुग' का ऐसा सटीक गणित है जो पश्चिम की सोच से परे था।
एक इकलौता लेख इस अगाध ज्ञान के साथ न्याय नहीं कर सकता। इसलिए, मैं इस चुराए गए ज्ञान की एक-एक कड़ी को खोलूँगी। हम वारी-वारी से (एक-एक करके) छोटे और तीखे लेखों के माध्यम से इन चोरियों का पर्दाफाश करेंगे। आज इस कड़ी का पहला प्रहार है—पायथागोरस थ्योरम (Pythagoras Theorem) की डकैती!
द राइट एंगल ट्रायंगल: पायथागोरस से सदियों पुराना 'शुल्ब सूत्र' और नारद पुराण का अकाट्य श्लोक
कक्षा छठी से ही बच्चों के दिमाग में एक नाम ठूंस दिया जाता है—Pythagoras Theorem (a^2 + b^2 = c^2)। हमें रटाया जाता है कि एक समकोण त्रिभुज (Right-angled triangle) में आधार और लम्ब के वर्गों का योग उसके कर्ण (Hypotenuse) के वर्ग के बराबर होता है। और यह महान खोज ईसा पूर्व छठी शताब्दी में यूनान के वैज्ञानिक पायथागोरस ने की थी।
अब सुनिए सनातन का वो सच, जो आपसे छुपाया गया:
पायथागोरस के पैदा होने से भी सदियों पहले, जब दुनिया में सभ्यताएं ठीक से सांस लेना भी नहीं सीखी थीं, हमारे ऋषि बौधायन ने अपने 'बौधायन शुल्ब सूत्र' (1.48) में इस सिद्धांत को रेखागणित के व्यावहारिक गद्य रूप में पहले ही लिख दिया था:
"दीर्घचतुरस्रस्याक्ष्णया रज्जुः पार्श्वमानी तिर्यङ्मानी च यत्पृथग्भूते कुरुतस्तदुभयं करोति।"
यानी: एक आयत (Rectangle) का विकर्ण (Diagonal/कर्ण) उतना ही क्षेत्रफल बनाता है, जितना उसकी लंबाई और चौड़ाई वाली भुजाएं अलग-अलग मिलकर बनाती हैं।
चोरों ने इस व्यावहारिक सूत्र को तो चुराया ही, लेकिन हमारी तिजोरी में इसका एक और चमचमाता हुआ सबूत मौजूद था, जिसे वे देख नहीं पाए। अगर किसी को कल्प-सूत्रों के व्यावहारिक गणित पर संदेह हो, तो वह सीधे नारद पुराण (पूर्वभाग, द्वितीय पाद, श्लोक ४४) खोलकर देख ले। वहाँ यही सिद्धांत बेहद संक्षिप्त और सीधे तौर पर श्लोक में पिरोकर रख दिया गया है:
"भुजकोटिकृतेर्योगमूलं कर्णश्च दोर्भवेत।"
इसका सीधा, सरल और अचूक गणितीय अर्थ समझिए:
'भुज' (Base/आधार) और 'कोटि' (Perpendicular/लम्ब) के 'कृते' (वर्ग) के 'योग' का 'मूल' (Square Root) ही 'कर्ण' (Hypotenuse) होता है!
ऋषि यहीं नहीं रुके, उन्होंने इसके आगे समकोण त्रिभुज की तीनों भुजाओं का मान निकालने का पूरा गणितीय नियम समझाते हुए लिखा कि भुज और कर्ण के वर्ग के अंतर का मूल 'कोटि' होता है, और कोटि और कर्ण के वर्ग के अंतर का मूल 'भुज' होता है। (इसी अचूक सिद्धांत को सदियों बाद भास्कराचार्य ने अपनी प्रसिद्ध गणितीय पुस्तक 'लीलावती' में भी दर्ज किया)।
अब आप ही बताइए, जिसे आज की दुनिया 'पायथागोरस प्रमेय' कहकर एक विदेशी का महिमामंडन कर रही है, उसे हमारा शास्त्र पढ़ने वाला व्यक्ति 'चोर और डकैत' नहीं तो और क्या कहेगा? हमारे पूर्वज जिस गणित से ब्रह्मांडीय वेदियों का निर्माण कर रहे थे, भव्य मंदिरों के ऊंचे शिखरों का सटीक संतुलन बना रहे थे, उसे पश्चिम ने चुराया, अपना नाम दिया और हमें ही हमारी धरोहर पर भिखारी बना दिया। अपनी ही साख और अपनी ही विरासत पर इतनी बेरुखी अब और नहीं चलेगी!
अगले भाग में क्या रहेगा?
चोरी सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं थी। अगली कड़ी में हम पश्चिम के एक और बड़े झूठ का पर्दाफाश करेंगे। १७वीं शताब्दी में ब्लेज पास्कल ने जिस 'पास्कल ट्रायंगल' (Pascal's Triangle) को अपने नाम पर पेटेंट कराया, वह वास्तव में हमारे छंद शास्त्रों और नारद पुराण में सदियों पहले 'मेरु प्रस्तार' के नाम से दर्ज था।
अगले भाग में जानेंगे कि कैसे पहाड़ों की आकृतियों से हमारे ऋषियों ने बाइनरी कॉम्बिनेशन्स का गणित रच दिया था। जुड़े रहिएगा!
रश्मि रति
*******'
(61003)
#नारद_पुराण #vedicmathematics
#चोरी_का_इतिहास #StolenHistory
#बौधायन_प्रमेय #decodingpuranas
#highlights2025 #follower
#पायथागोरसप्रमेय
No comments:
Post a Comment